राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने हरियाणा में 12वीं कक्षा में टॉप करने वाली मनीषा को किया सन्मानित

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

चण्डीगढ़, 22 जुलाई- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री ओमप्रकाश यादव ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की 12वीं कक्षा में टॉप करने वाली जिला महेंद्रगढ़ की बेटी मनीषा को 21 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की और फोन पर छात्रा व उनके माता-पिता से बात कर बेटी की इस उपलब्धि पर बधाई व शुभकामनाएं दी।

राज्य मंत्री ने महेंद्रगढ़ जिला में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्र-छात्राओं को भी नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा घोषित 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीहमा जिला महेंद्रगढ़ की छात्रा मनीषा ने 500 में से 499 अंक लेकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस छात्रा ने साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से कम नहीं है, यदि लक्ष्य को साध कर उसे प्राप्त करने के लिए प्रयास किया जाए तो सफलता जरूर मिलेगी।

श्री यादव ने कहा कि छात्रा ने न केवल अपने स्कूल, गांव व जिले का नाम रोशन किया अपितु पूरे प्रदेश में अपनी कामयाबी का परचम लहराते हुए सभी बेटियों को यह संदेश दिया कि कड़ी मेहनत से सब संभव है। उन्होंने कहा कि आज के वर्तमान समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नही हैं वो हर मुकाम पर विश्व में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

इसके अलावा, उन्होंने महेंद्रगढ़ जिला में प्रथम स्थान पर आने वाले को 11 हजार, द्वितीय व तृतीय स्थान वाले को 5100-5100 रुपए का पुरस्कार से सम्मानित करने की भी घोषणा की है।