पीढिय़ों से नुक्सान झेल रहे किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने दिया सहारा खरीफ सीजन 2020-21 में हमीरपुर के किसानों को मिला लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजा

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

हमीरपुर 03 जुलाई,2021-

सूखा हो या भारी बारिश, तूफान हो या बेमौसमी बरसात। बाढ़, जलभराव की स्थिति हो या फिर कोई अन्य प्राकृतिक आपदा। अपने खून-पसीने से फसल तैयार करने वाले किसान कई पीढिय़ों से इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं की मार झेलते आए हैं। लेकिन, अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के कारण परिस्थितियां बदलने लगी हैं। मौसम की बेरुखी के कारण अक्सर फसलों का भारी नुक्सान झेलने वाले किसानों को अब चिंता करने की जरुरत नहीं है। उनकी फसल का कितना भी नुक्सान क्यों न हो, उसकी पूरी-पूरी भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सभी प्रावधान किए गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा आरंभ की गई इस महत्वाकांक्षी योजना ने नि:संदेह, किसानों की बहुत बड़ी चिंता सदा के लिए दूर कर दी है। रबी हो या फिर खरीफ, हर सीजन की मुख्य फसलों का बीमा करवाकर किसान प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले आर्थिक नुक्सान से बच सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बहुत की कम प्रीमियम देना पड़ता है और फसल का नुक्सान होने पर उन्हें अच्छा-खासा मुआवजा मिल जाता है।
हमीरपुर जिला में भी कई किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठा रहे हैं। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. पीसी सैणी ने बताया कि खरीफ सीजन 2020-21 में ही जिला के पात्र किसानों को लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि मुआवजे के रूप में आवंटित की गई है। बमसन ब्लॉक के गांव गवारडू के हुकम चंद को मक्की की फसल के मुआवजे के रूप में 1.11 लाख रुपये से अधिक बीमित राशि मिली है। नौंघी के सोम प्रकाश, उटपुर के रमेश चंद, बारीं के संजीव कुमार और खंडेहरा के केहर सिंह को 79,902-79,902 रुपये मिले। गांव लग के शक्ति चंद राणा को 68,715 रुपये की राशि दी गई है। इसी प्रकार जिले के अन्य किसानों ने भी मक्की की फसल का बीमा करवाकर इस योजना का लाभ उठाया है।
——-
15 जुलाई तक करवाएं मक्की और धान का बीमा
कृषि उपनिदेशक डॉ. पीसी सैणी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिला हमीरपुर में इस खरीफ सीजन के दौरान मक्की और धान के बीमे हेतु अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि देश की आजादी के 75वें वर्ष में आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत कृषि विभाग एक से 7 जुलाई तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सप्ताह मना रहा है। इस दौरान किसानों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।  इस सीजन में मक्की के बीमे के लिए जिले की सभी तहसीलों और उपतहसीलों को शामिल किया गया है, जबकि धान का बीमा केवल तहसील हमीरपुर, नादौन और भोरंज के किसान करवा सकते हैं। पात्र किसान अपना फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कंपनी या नजदीकी लोकमित्र केंद्रों, बैंकों या ऑनलाईन माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। जिन किसानों ने ऋण ले रखा है, उनकी फसलों का बीमा संबंधित वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वत: ही कर दिया जाएगा। यदि कोई ऋणी किसान इस योजना का लाभ नहीं उठाना चाहता है तो वह संबंधित बैंक शाखा में अपना घोषणा पत्र जमा करवा सकता है।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी कृषि विभाग की वैबसाइट एचपीएग्रीकल्चर डॉट कॉम पर भी उपलब्ध है। हमीरपुर में खरीफ सीजन 2021-22 के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड अधिसूचित की गई है। योजना के तहत दोनों फसलों के लिए किसानों को प्रति कनाल 24 रुपये प्रीमियम देना होगा। इसकी बीमित राशि 1200 रुपये प्रति कनाल होगी।