भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए काम करता है : मोहन लाल बड़ौली

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.


भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत है : मोहन लाल बड़ौली

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को और अधिक ऊर्जावान बनाएगा : बड़ौली

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के मामले में नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है : बड़ौली

चंडीगढ़, 21 मार्च 2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सच्ची शक्ति और रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से ही संगठन मजबूत, सक्रिय और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध बना रहता है। उन्होंनें कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण होता है और संगठन निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनावी दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से भी कार्य करते हैं।

शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत सोनीपत के मुरथल मंडल की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए पार्टी की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक अनुशासन और प्रभावी संचार कौशल से परिपूर्ण करना है ताकि वे जनता के बीच अधिक कुशलता से काम कर सकें। इस मौके पर जिला महामंत्री नीरज कुमार, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, जेपी रेवली, मनोज जैन सहित कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा संगठन में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिनमें लगातार सीखने, आत्ममंथन करने व जनसेवा हेतु सदैव समर्पित रहने के साथ ही सैद्धांतिक और व्यवहारिक विषयों पर समय-समय पर कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होता है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को और अधिक ऊर्जावान बनाएगा और विभिन्न संगठनात्मक स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को अंत्योदय के विचारों को आत्मसात करने और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करते हुए उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने में मदद करें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और कल्याणकारी नीतियों को हर घर तक पहुँचाने का आह्वान भी किया।

मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव से भरे हुए हैं जिसका परिणाम है कि आज भारत विश्व में अपना परचम लहरा रहा। भारत के तिरंगे की ताकत बढ़ी है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और ’सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पीएम मोदी के विजन के अनुरूप पारदर्शी तरीके से काम करते हुए विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार राज्य में तेज गति से विकास के कार्य करा रही है। जनता ने तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के मामले में नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है।