अब आरडीएफ का पैसा गांवो और मंडियों के विकास में लगेगा – मालविंदर सिंह कंग

Malwinder Singh Kang
RDF will be used for the development of villages and grain markets only: Malwinder Singh Kang
कांग्रेस-अकाली सरकार आरडीएफ के पैसे से राजनीतिक स्वार्थपूर्ति करती थी – नील गर्ग
आरडीएफ का बादल-कैप्टन करते थें दुरूपयोग, बादल इससे संगत दर्शन और कैप्टन मंडी बोर्ड का कर्ज चुकाते थें – डॉ सनी सिंह आहलूवालिया

चंडीगढ़, 13 अप्रैल 2022

पंजाब के गांवों और मंडियों के विकास के लिए केन्द्र सरकार से मिलने वाले विशेष फंड रुरल डेवलपमेंट फंड(आरडीएफ) का सही ढ़ंग से उपयोग के लिए पंजाब सरकार द्वारा रूरल डेवलपमेंट एक्ट, 1987 में संशोधन किए जाने के फैसले को आम आदमी पार्टी(आप) ने पंजाब के ग्रामीण इलाकों को सुविधाजनक बनाने वाला फैसला बताया है और इसके लिए पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की।

और पढ़ें :-भगवंत मान द्वारा राज्य के पहले दौरे पर आए भारत के चीफ़ जस्टिस का स्वागत

बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आप पंजाब के वरिष्ठ नेता मालविंदर सिंह कंग, नील गर्ग और डॉ सनी सिंह आहलूवालिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मान सरकार के इस फैसले के बाद अब आरडीएफ का पैसा पंजाब के गांवो और मंडियों के विकास में लगेगा। इस फंड का सही उपयोग होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों और खासकर किसानों को काफी लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान इस फंड का दुरुपयोग होता था जिसके कारण केन्द्र सरकार ने पिछले साल इसे रोक दिया था।

आप नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर इसका गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार पंजाब की मंडियों और गांवों की संचरणात्मक ढांचा सुधारने के लिए पंजाब सरकार को हर साल यह पैसा देती थी लेकिन पिछली दोनों सरकारें इस पैसे को ग्रामीण इलाकों में विकास के बजाए दूसरे कामों में इस्तेमाल करती थी। बादल सरकार इस पैसे का गलत इस्तेमाल कर इसे संगत दर्शन कार्यक्रम में लगाती थी। वहीं कैप्टन सरकार के दौरान इस पैसे से पंजाब मंडी बोर्ड का कर्ज चुकाया जाता था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज यह सुनिश्चित किया है कि इस फंड का इस्तेमाल पंजाब के गांवों व मंडियों के विकास में होगा। मान सरकार का यह फैसला स्वागतयोग्य है। आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में इस फैसले का सकारात्मक असर दिखाई देगा।

किसान आश्वस्त रहें, कनक के एक-एक दाने की खरीद सरकार सुनिश्चित करेगी – मालविंदर सिंह कंग

गेहूं(कनक) के दाने पतले होने के कारण खरीद में हो रही दिक्कतों पर आप नेता मालविंदर सिंह कंग ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वार केन्द्र सरकार को चिट्ठी लिखे जाने के बाद केन्द्र की तरफ से पांच टीम किसानों की समस्याओं की समीक्षा करने के लिए पंजाब के 15 जिलों की मंडियों का दौरा कर रही है। पंजाब के किसानों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। किसानों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। पंजाब सरकार कनक के एक-एक दाने की खरीद सुनिश्चित करेगी।