प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राज्य को बनाया जाएगा टीबी मुक्त
चंडीगढ़, 12 सितंबर :- हरियाणा में रक्तदान अमृत महोत्सव के तहत 17 सितंबर से 25 अक्टूबर तक राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि सभी ब्लड बैंकों में समुचित मात्रा में रक्त का भण्डारण किया जा सके।
आज स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया के साथ रक्तदान अमृत महोत्सव, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान एवं निक्षय मित्र डोनर तैयार करने को लेकर आयोजित बैठक में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से यह जानकारी दे रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान अमृत महोत्सव के दौरान स्वंयसेवी संस्थाओं एवं नागरिकों से तालमेल कर एक लाख युनिट रक्त एकत्र किया जाएगा ताकि किसी भी रक्त बैंक में रक्त की कमी न रहे। उन्होंने बताया कि राज्य में 36 सरकारी व 108 प्राईवेट ब्लड बैंक कार्यरत हैं जिनके माध्यम से 4 लाख युनिट रक्त हर साल एकत्र किया जाता है जबकि हरियाणा में 3.2 लाख युनिट रक्त की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने के इस अभियान के तहत सभी समुदायों, नागरिकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, स्वंयसेवी संस्थाओं को जोड़ा जाएगा, जो टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें समय पर दवाई खाने, पोष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने, जागरूक करने एवं कौशल के लिए तैयार करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा को टी बी मुक्त बनाने और लक्ष्य को निर्धारित समय में हासिल करने के लिए सरकार कारगर कदम उठाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने टीबी मुक्त भारत बनाने, आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने और रक्तदान अमृत महोत्सव मनाने जैसे मानव कल्याण के कार्यो पर विशेष बल देने की योजनाएं क्रियान्वित की हैं । राज्य में इन योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हरियाणा के राज्यपाल ने 5 टीबी रोगी बच्चों को गोद लेने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सभी समुदायों, नागरिकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, स्वंयसेवी संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़ कर टीबी रोगियों को एडोप्ट लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अम्बाला, के अलावा भिवानी, फतेहाबाद, जीन्द, झज्जर, पलवल व सोनीपत में सघन मेपिंग अभ्यास का कार्य शुरू कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी जनप्रतिनिधियों, स्वंयसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं, उद्योगपतियों एवं व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर राज्य को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लें और रक्तदान अमृत महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा से रक्तदान एकत्र करने के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 52435 टीबी रोगी हैं जिन्हें प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य लाभ, पोष्टिक आहार एवं कौशल में निपुण बनाने के लिए 6 माह से 3 साल के लिए एडोप्ट किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य में शीघ्र ही गरीब परिवारों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएगें ताकि उन्हें स्वास्थ्य योजना का लाभ दिया जा सके। उन्होंने बताया कि लगभग 15 लाख परिवारों में से 9 लाख परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा 6 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जल्द ही बनाए जाएगें। हरियाणा सरकार 10 लाख और परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाएगी। इस प्रकार राज्य में लगभग 25 लाख परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जाएगा। वीसी में टीबी मुक्त भारत अभियान एवं रक्तदान अमृत महोत्सव के संबंध में प्रस्तुति दी गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, प्रबंध निदेशक नैशनल हेल्थ मिशन श्री प्रभजोत सिंह, महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग डा. वीना सिंह, डा. सोनिया त्रिखा,, राज्य टीबी अधिकारी डा. राजेश राजू भी उपस्थित रहे।

English






