आदमपुर उपचुनाव में जनता जर्नादन के विवेकपूर्ण निर्णय, संगठन के कार्यकर्ताओं और बेहतर चुनाव प्रबंधन की जीत: ओम प्रकाश धनखड़

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

आदमपुर उपचुनाव में जनता जर्नादन के विवेकपूर्ण निर्णय, संगठन के कार्यकर्ताओं और बेहतर चुनाव प्रबंधन की जीत: ओम प्रकाश धनखड़

– कांग्रेस पार्टी की हार के लिए कांग्रेस का डिजाइन जिम्मेदार: धनखड़
– आम आदमी पार्टी को आदमपुर की जनता ने सिरे से नकारा
– पंजाब और दिल्ली सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता ने आप की जमानत जब्त की

चंडीगढ़, 6 नवंबर।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत वहां की जनता के विवेकपूर्ण निर्णय की जीत है तथा संगठन के कार्यकर्ताओं तथा बेहतर चुनाव प्रबंधन की जीत है। चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हार उसके डिजाइन के कारण हुई है। कांग्रेस का यही डिजाइन रहा तो कांग्रेस लगातार हार की तरफ बढ़ती रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष रविवार को चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जीत पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी जबरदस्त राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने कहा जो पार्टी हरियाणा को एसवाईएल का पानी देने से इंकार करती है और यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को भी  नहीं मानती उनका हस्र ऐसा ही होता है जैसा आदमपुर आम आदमी पार्टी का हुआ है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की 15 हजार 740 वोटों से हुई जीत पर आदमपुर की जनता जर्नादन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष वरिंद्र गर्ग उपस्थित थे।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि बहुत वर्षों पहले हरियाणा में भाजपा एक छोटी पार्टी थी और कांग्रेस एक बड़ी पार्टी थी। पहली बार 2014 में हम सरकार में आए थे। कांग्रेस के जो दिग्गज लोग थे उनके जो अपने स्थान थे वो कांग्रेस के पक्ष में बचे रहे। लेकिन कांग्रेस ने जिन नीतियों को अपनाया उससे कांग्रेस सिकुड़ती चली गई। एक समय था जब कांग्रेस दिग्गज नेताओं को संभालती थी, लेकिन धीरे-धीरे कांग्रेस के दिग्गजों के भी किले ध्वस्त होना शुरू हो गए। इसके लिए कांग्रेस पार्टी स्वयं ही जिम्मेदार है। धनखड़ ने कहा कि जींद के उपचुनाव में सुरजेवाला को कैथल से जींद ले गए और कैथल हमारे हिस्से में आ गया। कांग्रेस के प्रमुख नेताओ को अब कांग्रेस में असहजता महसूस होनी शुरू हो गई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने अप्रत्यक्ष रूप भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर वार करते हुए कहा कि दो अध्यक्षों को काम नहीं करने दिया गया। बड़े-बड़े दिग्गज असहज महसूस करने लगे कि कांग्रेस में उनका स्थान अब नहीं है। इसलिए कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया और आदमपुर से उनके पुत्र भव्य बिश्नोई चुनाव लड़े।  प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आदमपुर में यह जीत भाजपा की जीत है, नेतृत्व और संगठन की जीत है। धनखड़ ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की हार उसके अपने डिजाइन से हुई है। कांग्रेस ने अपने दिग्गजों को दूर करना शुरू कर दिया और कांग्रेस एक परिवार के आस-पास सिकुड़ कर रह गई और अभी कांग्रेस में बहुत सारे लोग हैं जिन्हें असहज महसूस हो रहा है, इसलिए कांग्रेस का यही डिजाइन रहा तो कांग्रेस लगातार हार की तरफ बढ़ेगी।

आम आदमी पार्टी पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप आदमपुर चुनाव में बड़े जोर-शोर से अवतरित हुई थी। उपचुनाव में प्रचार के लिए दिल्ली के सीएम केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवत मान भी आए थे, लेकिन आदमपुर के लोगों ने इस बात को समझ लिया कि जो हरियाणा कोे पीने के पानी देने में आनाकारी कर रहे हैं तो वो हरियाणा के कभी नहीं हो सकते। धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में प्रतिदिन 2000 क्यूसिक पीने के पानी की जरूरत होती है और वहीं दिल्ली को भी 1050 क्यूसिक पीने का पानी हर रोज चाहिए। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में एक अल्टरनेट नहर बनाने का फैसला दिया जिसे पंजाब सरकार ने सरेआम इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जो पीने का पानी देने को तैयार नहीं उस पार्टी को आदमपुर की जनता ने बुरी तरह से नकार दिया और जनविरोधी सोच के साथ चलने वाले लोगों का जो हस्र होना था वह आदमपुर में हुआ है।

एक सवाल का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी लगातार परिश्रम करने में विश्वास करती है। हमें अभी और भी अधिक परिश्रम करना है यह भी मालूम है। अधिक मेहनत के साथ अगले चुनाव में जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे पंचायत चुनाव और आने वाले नगर निगम चुनाव के लिए हम लगातर परिश्रम कर रहे हैं और नेतृत्व, लोगों के विकास की नीतियों में भरोसा करते हुए लगातार मेहनत के इसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारी राजनीति कांग्रेस की तरह व्यक्तिवादी राजनीति नहीं है। क्योंकि वहां का जो डिजाइन है वहां लोग अपनी ही बात करते हैं जबकि भाजपा विचारधारा की बात करती है, संगठन और विकास की बात करती है।