‘एक राष्ट्र, एक राशनकार्ड’ योजना एक ऐतिहासिक कदम- दुष्यंत चौटाला

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

कहीं से भी राशन ले सकेगा कार्डधारक

चंडीगढ़, 30 जुलाई- हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यदि भविष्य में जरूरत पड़ी तो मूवेबल राशन-डिपो शुरू करने में भी हरियाणा पीछे नहीं रहेगा। ‘एक राष्ट्र ,एक राशनकार्ड’ योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

उप-मुख्यमंत्री ने आज गुरूग्राम में ‘एक राष्ट्र, एक राशनकार्ड’ योजना के बारे में लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में कुछ प्रवासी नागरिकों को अपने हाथों से राशन भी वितरित किए।

 उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना से राशन कार्ड द्वारा डिपो से राशन लेने वाले गरीब लोगों को तीन बड़े फायदे होंगे। एक, राशनकार्ड धारक उस राशन डिपो से अपना निर्धारित राशन ले पाएगा जहां पर राशन उपलब्ध है। दूसरा, किसी भी प्रदेश का राशन कार्डधारक अब किसी अन्य राज्य में भी उसके लिए निर्धारित राशन प्राप्त कर सकता है और तीसरा, यह है कि राशनकार्ड धारक गुणवता और माप का आंकलन करके अपने मनचाहे डिपोधारक से अपने हिस्से का राशन ले सकता है।

श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कोरोना महामारी में लॉकडाऊन के दौरान प्रवासी श्रमिकों को राशन देने में आई समस्याओं से ‘एक राष्ट्र, एक राशनकार्ड’ योजना बनाने का आइडिया आया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने बड़े प्रभावी ढंग से बहुत ही कम समय में इस योजना को तैयार किया और खुशी की बात यह है कि इस योजना को लागू करने की इच्छा जाहिर करने वालों में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में से एक था।

उन्होंने बताया कि यह योजना लागू होने से बिहार, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा तथा अन्य प्रदेशों से हरियाणा में काम के लिए आने वाले लोग वहां पर जारी अपने राशन कार्ड से हरियाणा में भी राशन ले पाएंगे। इस योजना में यह भी संभव किया गया है कि एक परिवार के यदि दो सदस्य अपने मूल प्रदेश में रहते हैं तथा 3 सदस्य हरियाणा में आए हुए हैं तो वे तीन सदस्यों का राशन यहां पर ले सकते हैं और परिवार के दो सदस्य अपने हिस्से का राशन वहीं पर प्राप्त कर सकते हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि इस योजना से फर्जी राशनकार्डो पर रोक लगेगी और राशन डिपोधारक अच्छी गुणवत्ता का पूरी मात्रा में राशन देगा।

इस अवसर पर हरियाणा के श्रम राज्यमंत्री श्री अनूप धानक , मंडलायुक्त श्री अशोक सांगवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।