बेहतर तरीके से ऑक्सीजन का वितरण किया जा रहा है

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

चंडीगढ़, 10 मई – हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री मूलचन्द शर्मा ने कहा कि फरीदाबाद जिले में सरकार व जिला प्रशासन द्वारा चिकित्सा विभाग तथा अन्य विभागों के साथ तालमेल करके बेहतर तरीके से ऑक्सीजन का वितरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने जिले को 4 टन अतिरिक्त ऑक्सीजन देने की घोषणा की है। अब यहां ऑक्सीजन की कोई किल्लत नहीं रहेगी।
आज बल्लबगढ़ से जारी एक बयान में श्री मूलचन्द शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे वह दवाइयों की हो, ऑक्सीजन गैस की हो या दैनिक उपभोग के सामान की। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कालाबाजारी करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि अस्पताल हो या नर्सिंग होम, उन्हें सरकार द्वारा जारी निर्देशानुसार कोविड-19 के इलाज की रेट लिस्ट चस्पा करनी होगी। उसमें बेड व डॉक्टर की फीस सहित पूरा विवरण देना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल का पिछले 5 दिन का रिकॉर्ड चैक किया जाएगा। सरकार के निर्देशानुसार रेट लिस्ट न लगाने वाले निजी अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन केंसिल करने के साथ-साथ उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा।
श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि फल-सब्जियों, किरयाना के समान और दूसरे समान पर की जाने वाली मुनाफाखोरी के खिलाफ भी सरकार सख्ती से निपटेगी। परचून की दुकान, फल व सब्जी की दुकानों व रेहड़ी वालों को भी सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार रेट लिस्ट चस्पा करनी होगी और निर्धारित रेट पर ही लोगों को सामान देना होगा। चाहे सेक्टर हो, कॉलोनी हो या बाजार, जहां कहीं भी कोई दुकानदार रेट लिस्ट से अधिक दामों पर सामान बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन मंत्री ने कहा है कि प्रदेश की जनता को ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं होगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार लोगों की भलाई लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण बने हालात के मद्देनजर लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। ऐसे में लोगों को भी समझना चाहिए कि यह कदम उनके हित में उठाया गया है। अगर फिर भी कोई जानबूझकर  लॉकडाउन की उल्लंघन करता है तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।