मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना से ग्रामीण ढांचे को मिल रही मजबूती— कृष्ण लाल पंवार

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

हर विधायक करवा सकता है 25 किलोमीटर खेतों के रास्ते पक्के, कोई प्रस्ताव लंबित नहीं

चंडीगढ़, 24 फरवरी 2026

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और ग्रामीण ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के अंतर्गत खेतों के एक से चार करम तक के गौहर (खेती मार्ग) के रास्तों को पक्का करने की एक अनूठी पहल शुरू की गई है।

श्री कृष्ण लाल पंवार आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शून्यकाल में विधायक श्री मोहम्मद इजराइल द्वारा उठाए गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक विधायक को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर तक के गौहर मार्गों को पक्का करवाने का अधिकार दिया गया है, ताकि किसानों को खेतों तक आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और कृषि कार्य सुगमता से संपन्न हो सके। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी भी विधायक द्वारा भेजी गई मांग उनके पास लंबित नहीं है।

मंत्री ने यह भी कहा कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एलएडी फंड) के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों में भी किसी प्रकार की देरी नहीं है और किसी भी विधायक की फाइल उनके पास लंबित नहीं है। सरकार पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के साथ विकास कार्यों को गति दे रही है।