राज्य सरकार की खेल नीति और खिलाडिय़ों की मेहनत के बल पर हरियाणा स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है : शिक्षा मंत्री

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

चंडीगढ़, 27 अगस्त 2021 हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल ने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति और खिलाडिय़ों की मेहनत के बल पर हरियाणा स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है। ओलम्पिक खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाडिय़ों ने देश में सर्वाधिक मैडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षा मंत्री आज यमुनानगर के तेजली खेल परिसर में खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय ‘खेलो हरियाणा’ प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों को सम्बोधित कर रहे थे।
श्री कंवर पाल ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न ओलम्पिक खेलों में हरियाणा के नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, बजरंग पूनिया सहित अन्य खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन करके प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं के लिए रोजगार और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग खोलते हैं बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ रखने में भी खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा जिस देश के नागरिक जितने अधिक स्वस्थ होंगे, वह देश उतनी ही तेज गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और भाईचारे जैसे गुणों का संचार होता है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार छात्र जीवन से ही बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढऩे के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। स्कूल स्तर पर खेल नर्सरियां स्थापित की जा रही हैं । खिलाडिय़ों को अच्छे खेल मैदान, आकर्षक इनाम राशि, डाइट की राशि में बढ़ोतरी के साथ ही अच्छे प्रशिक्षक भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में अध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए प्रक्रिया आरम्भ की जा रही है। इस विषय पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल से भी विस्तृत चर्चा की गई है।
उन्होंने इस प्रतियोगिता में विशेष तौर पर आमंत्रित ओलम्पिक गोल्ड मैडल विजेता नीरजा चोपड़ा के कोच नसीम अहमद का स्वागत भी किया।