सिरमौर के सराहां–चंडीगढ़ मार्ग की जर्जर हालत गंभीर चिंता का विषय – लोकसभा में उठाया मामला : कश्यप

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

42 किमी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के शीघ्र सुधार और चौड़ीकरण की मांग – जनता को सुरक्षित आवागमन का अधिकार
शिमला, 23 मार्च 2026 
भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने लोकसभा में नियम 377 के तहत हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सराहां–चंडीगढ़ मार्ग की दयनीय स्थिति का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग न केवल क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, बल्कि हिमाचल प्रदेश को हरियाणा और चंडीगढ़ से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतर-राज्यीय मार्ग भी है।
सुरेश कश्यप ने बताया कि लगभग 42 किलोमीटर लंबा यह मार्ग वर्तमान में अत्यंत जर्जर और खस्ताहाल स्थिति में है। हाल ही में हुई भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सड़क को कई स्थानों पर गंभीर क्षति पहुंची है, जिससे यह मार्ग संकरा, टूटा हुआ और जोखिमपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन खराब हालत के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। साथ ही किसानों को अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में भी गंभीर दिक्कतें आ रही हैं, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
सांसद कश्यप ने सरकार से आग्रह किया कि सराहां–चंडीगढ़ मार्ग के शीघ्र सुधार, चौड़ीकरण और स्थायी सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित विभागों को इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्यवाही करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
“यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र की जीवनरेखा है – इसके सुधार में किसी भी प्रकार की देरी जनहित के साथ अन्याय होगा।”