गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है प्रधानमंत्री आवास योजना

Sorry, this news is not available in your requested language. Please see here.

सरकार ने छत देकर लाखों गरीबों का विश्वास जीता: संजय शर्मा
चंडीगढ़
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सरकार गरीबों को छत देकर उनका विश्वास जीतने में कामयाब हो रही है। हरियाणा में भी लाखों बेघरों को घर उपलब्ध कराया जा चुका है। देश भर में इस योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2014 से 31 मार्च 2022 तक तीन करोड़ 10 लाख मकानों का काम पूरा किया जा चुका है। जिसमें से 2 करोड़ 52 लाख मकान ग्रामीण क्षेत्रों और 58 लाख मकान शहरी क्षेत्रों में बनाकर तैयार कर लिए हैं। हरियाणा की बात करें तो शहरी क्षेत्र में 51 हजार 160 मकानों का निर्माण कार्य कंप्लीट हो चुका है। जबकि इससे पहले 51 हजार 420 मकानों को अलाट कर  बेघरों को घर उपलब्ध कराया जा चुका है।
भाजपा के मीडिया प्रमुख संजय शर्मा ने बताया कि देश के हर गरीब को पक्का मकान देने के संकल्प में हमने एक अहम पड़ाव तय कर लिया है। जन-जन
की भागीदारी से ही तीन करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण संभव हो पाया है। मूलभूत सुविधाओं से युक्त ये घर आज महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी बन चुके हैं। संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को अपना पक्का घर देने का अभियान एक सरकारी योजना भर नहीं, बल्कि यह गांव को, गरीब को विश्वास देने की हमारी प्रतिबद्धता है। यह गरीब को गरीबी से बाहर निकालने की
पहली सीढी है। जब गरीब को घर मिलता है तो उसके जीवन में एक स्थिरता आती है। इसी सोच के साथ भाजपा सरकार पीएम आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूरे देश में कुल 2.52 करोड़ पक्के मकानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। जिस पर अब तक 1.95 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता जारी की जा चुकी है। जबकि
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत  कुल 58 लाख पक्के मकानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है और इन पर अब तक 1.18 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता जारी की जा चुकी है। संजय शर्मा ने बताया कि  इस योजना की विशेषता यह है कि महिला सदस्य या संयुक्त नाम पर घर का स्वामित्व होता है। हर घर में शौचालय, रसोई, बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध है।
संजय शर्मा के मुताबिक हरियाणा में 457 प्रोजेक्ट के प्रपोजल पर विचार किया गया था। वर्तमान स्थिति यह है कि 165427 घरों के निर्माण को मंजूरी दी गई, जिसमें से 51160 बनकर तैयार हो चुके हैं। जबकि 51420 में लोग रहने भी लगे हैं। संजय शर्मा ने बताया कि इस पूरी योजना पर अब तक 15 हजार 510 करोड़ रूपये की राशि की लागत आएगी। जिसमें से फिलहाल 2,944. 68 करोड़ की राशि मंजूर हुई। 1349 करोड़ रूपये की राशि रिलीज भी हो चुकी है और कार्य तेजी से चल रहा है। भाजपा सरकार की कोशिश है कि जल्दी से जल्दी ये सभी मकान बनकर तैयार हों और जल्दी से गरीबों को अपना घर मिले।