कम हुआ कोविड-19 का संक्रमण, लेकिन अभी भी एहतियात बरतना आवश्यकः सीएमओ

21 मार्च के बाद पहली बार जिला ऊना में कोरोना संक्रमण के एक दिन के आंकड़े दहाई में
ऊना 29 मई,2021- प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए कोरोना कर्फ्यू का असर दिखने लगा है। जिला ऊना में कोविड-19 वायरस का संक्रमण कम हो रहा है, ऐसे में 21 मार्च 2021 के बाद पहली बार 28 मई को एक दिन में संक्रमितों का आंकड़ा दहाई के आंकड़े में पहुंच गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ. रमण कुमार शर्मा ने बताया कि 21 मार्च के बाद यह पहली बार है, जब एक दिन में 71 संक्रमितों का पता चला। उन्होंने कहा कि कुल 295 आरटी-पीसीआर टेस्ट किए गए थे, जिसमें से 26 पॉजीटिव आए, जबकि 759 रेपिड एंटिजन टेस्ट किए गए, जिनमें से 45 व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाए गए।
उन्होंने कहा कि जिला में संक्रमण कम होने के बावजूद अभी भी मई माह की संक्रमण दर 17.42 प्रतिशत है, जबकि अप्रैल में यह दर 11.45 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि अभी संक्रमण की दर और कम होगी, लेकिन यह ढिलाई का समय नहीं है। जरा सी लापरवाही से संक्रमण एक बार भयंकर रूप धारण कर सकता है। इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। कोरोना से बचने के लिए मास्क लगाएं, उचित दूरी का ध्यान रखें और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
डॉ. रमण कुमार शर्मा ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए कोविड वैक्सीन सबसे कारगर हथियार है। ऐसे में अपनी बारी आने पर कोविड का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि 28 मई तक जिला में 1,52, 644 व्यक्तियों की टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। इनमें से 39,262 को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज भी लग गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने लक्षणों को न छुपाएं और छोला छाप डॉक्टरों व घरेलू नुस्खों से बचें। सही समय पर टेस्ट करवा कर अपना इलाज करवाएं।