‘जैसे है-जहां है’ आधार पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से लेकर नागरिक संसाधन सूचना विभाग (सीआरआईडी) को सौंपने का निर्णय

haryana govt

चंडीगढ़ 13 अगस्त- हरियाणा सरकार ने हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केन्द्र (हरसक), हिसार के प्रशासनिक नियंत्रण को सभी विद्यमान परिसम्पत्तियों एवं दायित्वों के साथ ‘जैसे है-जहां है’ आधार पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से लेकर नागरिक संसाधन सूचना विभाग (सीआरआईडी) को सौंपने का निर्णय लिया है। इस आशय का निर्णय मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, हिसार जिसे वर्ष 2007 तक हरियाणा राज्य सुदूर संवेदी अनुप्रयोग केन्द्र के नाम से जाना जाता था, हरियाणा सोसायटी पंजीकरण एवं विनियमन अधिनियम 2012 के तहत चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में स्थित एक पंजीकृत सोसायटी है। हरसक की स्थापना 1986 में राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में उपग्रह डाटा के उपयोग एवं अनुप्रयोग, सभी रिमोट सेंसिंग, भौगोलिक सूचना प्रणाली के लिए नोडल एजेंसी और मानव रहित वाहन / ड्रोन आधारित सर्वेक्षण के लिए एक नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करने के उद्देश्य से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत की गई थी।

हरसक के अन्य प्रमुख उद्देश्यों में सुदूर संवेदीकरण के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना, मार्गदर्शन, समन्वय और सहायता करना, और सुदूर संवेदी तकनीकों का उपयोग करके प्राकृतिक संसाधन क्षेत्रों के संपूर्ण सरगम की निगरानी एवं आकलन के लिए सर्वेक्षण करना, सुदूर संवेदन के निर्दिष्ट क्षेत्रों में राज्य के शिक्षण और अनुसंधान संगठनों को अनुसंधान एवं विकास में सहायता करना, सुदूर संवेदी प्रौद्योगिकी एवं इसके अनुप्रयोगों में उन्नत अध्ययन एवं अनुसंधान के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं, व्याख्यान, संगोष्ठियों का आयोजन करना और हरसक द्वारा किए गए सुदूर संवेदी जांच के परिणामों का समय-समय पर प्रकाशन करना शामिल है।

हरसक की परिसंपत्ति में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से एक रुपया प्रति एकड़ प्रति वर्ष की दर से 21 अप्रैल, 2087 तक 99 वर्ष की अवधि के लिए पट्टïे पर ली गई 5 एकड़ भूमि शामिल है। पट्टा विस्तार योग्य है। इसके पास 146.32 लाख रुपये की अन्य अचल संपत्तियां और 7,24,27,776 रुपये की चल संपत्तियां भी हैं। इसके अलावा, हरसक का 46,42,86,966.90 रुपये का बैंक डिपॉजिट और 51,62,84,938 रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रतिबद्घ देनदारियां हैं।

हरसक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार कैंपस में स्थित है और इसका गुरुग्राम में एक नोड और पंचकूला में फ्रंट ऑफिस है। हरसक में 55 स्वीकृत तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पद हैं।