चण्डीगढ़, 01 जुलाई – हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री कंवरपाल ने कहा कि मौजूदा सरकार ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की भावना के साथ बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र और हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है।
श्री कंवरपाल ने यह बात आज यमुनानगर में कृषि कार्यों के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए चार लोगों को मुआवजा राशि के चेक वितरित करते समय कही।
उन्होंने बताया कि गांव भम्भौली के कृष्ण चंद को मुआवजे के तौर पर एक लाख 25 हजार रुपये का चेक दिया गया है। गौरतलब है कि चारा काटते समय उनका हाथ कट गया था। इसी तरह, गांव बिजौली निवासी रविंद्र कुमार और तहसीम खान को उंगली कटने पर 37,500-37,500 रुपये के चेक दिए गए है । काठगढ के जरनैल को भी उंगली कटने पर इतनी ही राशि का चेक भेंट किया गया ।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन चारों लोगों को मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के अंतर्गत मार्केट कमेटी बिलासपुर के सौजन्य से ये चेक प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार हर समय जरूरतमंद लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, चाहे फिर वह व्यक्ति किसी भी वर्ग का क्यों न हो। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद की हरसंभव सहायता की जाएगी।

English






