चंडीगढ़/21मार्च: शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज घोषणा की है कि पार्टी पंजाब में चल रही गैर-संवैधानिक कार्रवाई में गिरफ्तार सभी बेकसूर सिख नौजवानों को कानूनी सहायता प्रदान कर यह सुनिश्चित करेगी कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा उनके अधिकारों का हनन न किया जाए।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि महज् शक के आधार पर कई नौजवानों को अंधाधुंध गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होने कहा कि अकाली दल के लीगल सेल के अध्यक्ष अर्शदीप सिंह कलेर के नेतृत्व में एक राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है, जो जिलों में पार्टी नेताओं के साथ समन्वय कर जहां कानूनी सहायता वांछित होगी, तुरंत कानूनी सहायता प्रदान करेगी। उन्होने पार्टी नेताओं से कहा कि सिख युवाओं के साथ हो रहे अन्याय को राज्य कमेटी के संज्ञान में लाया जाए , ताकि उन्हे न्याय दिलाया जा सके।
इस बीच सरदार कलेर ने खुलासा किया चंडीगढ़ में वरिष्ठ एडवोकेटस की स्टेट कमेटी का गठन किया गया है और जहां कहीं भी कानूनी सहायता प्रदान की जा सके। कमेटी के सदस्यों में हरीश राय ढ़ांडा, अमरदीप सिंह धरनी, भगवंत सिंह सियालका, गुरमीत सिंह मान, जसदेव सिंह, परमप्रीत सिंह पाॅल, जसप्रीत सिंह बराड़, परमप्रीत सिंह बाजवा, जुबीन छूरा , रविंदर सिंह सांपला, गुरवीर सिंह सिद्धू, परमबीर सिंह सन्नी तथा मनप्रीत सिंह धालीवाल शामिल हैं।

English






