Government strengthening healthcare services under Ayushman Scheme- Arti Singh Rao

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव ने छात्राओं को करवाया विधानसभा भ्रमण

छात्राओं ने देखा लोकतंत्र का मंदिर, सदन की कार्यवाही का किया प्रत्यक्ष अनुभव

चंडीगढ़ , 26 फ़रवरी  -हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल पर महेंद्रगढ़ जिला के राजकीय महिला कॉलेज उन्हानी और राजकीय कॉलेज नारनौल की छात्राओं को लोकतंत्र के मंदिर हरियाणा विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर नारनौल के विधायक श्री ओमप्रकाश यादव भी उपस्थित रहे।

विधानसभा परिसर पहुंचते ही छात्राओं में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। उन्होंने सदन में बैठकर विधानसभा की लाइव कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा प्रश्नकाल, विधेयक प्रस्तुत करने की प्रक्रिया और जनहित के मुद्दों पर होने वाली चर्चा को नजदीक से समझा। छात्राओं ने विधायी कार्यप्रणाली, चर्चा प्रणाली और निर्णय लेने की संवैधानिक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और विधायक ओमप्रकाश यादव ने स्वयं छात्राओं का स्वागत किया तथा उन्हें सदन की गरिमा, परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा, “आज की बेटियां ही कल की नीति-निर्माता हैं। राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे शासन व्यवस्था को समझने के लिए प्रेरित होती हैं।”

वहीं विधायक श्री ओमप्रकाश यादव ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में इस प्रकार के अनुभव भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति भी जागरूक रहें।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर ही छात्राएं अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे। छात्राओं ने इस प्रेरणादायी पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक का आभार व्यक्त किया। इस पहल को छात्राओं में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।