महम विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बाढ़ और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान – श्रीमती श्रुति चौधरी

चंडीगढ़, 24 फरवरी 2026 

हरियाणा की सिंचाई एवं जलसंसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि महम विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 112.56 करोड़ रुपये की लागत से 44 योजनाएं तैयार की गई हैं। इन योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

हरियाणा की सिंचाई एवं जलसंसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।

उन्होंने कहा कि इसके प्रथम चरण में 30.16 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 योजनाओं को दिनांक 31.12.2025 को आयोजित HSDR & FCB की 57वीं बैठक में आवश्यक बजट प्रावधान सहित स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। वर्तमान में इन योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हजारों एकड़ क्षेत्र और अनेक गांवों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।