चंडीगढ़/12अगस्तः शिरोमणी अकाली दल ने आज केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के साथ साथ केंद्र सरकार से लखविंदर सिंह लक्खा को सिख बंदियों की रिहाई को लेकर भूख हड़ताल खत्म करने के लिए मनाने की अपील की जो आज 17वें दिन में प्रवेश कर चुकी है।
डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि लखविंदर सिंह लक्खा की तबीयत खराब हो रही है, अगर लखविंदर सिंह लक्खा के साथ कुछ भी अनहोनी हुई तो इसके लिए सीधे तौर पर केंद्र शासिम प्रशासन जिम्मेदार होगा।
डॉ. चीमा ने बंदी सिंह लक्खा से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि अकाली दल बंदी सिंहों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होने कहा, ‘‘ आप पहले से ही महान शारीरिक और मानसिक आघात से गुजर चुके हैं। पूरा समाज आपके साथ है। कृपया अपनी भूख हड़ताल समाप्त करें।
डॉ. चीमा ने कहा कि अकाली दल अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न जेलों में बंद सभी बंदी सिंहों को रिहा करने के लिए पत्र लिखा था, जो 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पहले ही अपनी उम्रकैद की सजा पूरी कर चुके हैं। उन्होने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार ने 2019 में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भाई बलंवत सिंह राजोआणा की मौत की सजा को कम करने के अलावा सिख बंदियों को रिहा करने के लिए प्रतिबद्धता जताई थी तथा कहा कि इस प्रतिबद्धता को पूरा करने की आवश्यकता है।

English






