आम लोगों को सस्ती दरों पर खुद का घर दिलाना हाउसिंग बोर्ड का पहला उद्देश्य – राजदीप फौगाट

news makahni
news makhani

ਮਾਫ਼ ਕਰਨਾ, ਇਹ ਖਬਰ ਤੁਹਾਡੀ ਬੇਨਤੀ ਭਾਸ਼ਾ ਵਿੱਚ ਉਪਲਬਧ ਨਹੀਂ ਹੈ। ਕਿਰਪਾ ਕਰਕੇ ਇੱਥੇ ਦੇਖੋ।

हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन राजदीप फौगाट ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियाँ और आगामी योजनाओं को रखा प्रदेश की जनता के सामने
चंडीगढ़ , 7 अगस्त। हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक राजदीप फौगाट ने कहा है कि आम लोगों को सस्ती दरों पर खुद का घर मुहैया करवाना बोर्ड का मुख्य लक्ष्य है और इस दिशा बोर्ड तेजी से कार्य कर रहा है। राजदीप फौगाट ने पंचकुला स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपने लगभग 10 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रदेश की जनता के सामने रखा। इस अवसर पर हाऊसिंग बोर्ड के सेक्रेटरी डॉ. इंद्रजीतं सिंह, चीफ इंजीनियर एन के साहु भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चेयरमैन राजदीप फौगाट ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा गत दस माह में हरियाणा के विभिन्न शहरों में 49 करोड़ की लागत से 1550 मकानों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है, जिनमें से 1148 मकान गरीबी रेखा के नीचे रह रहे परिवारों के लिए व 114 मकान आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बनाए गए है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल से अनुमति लेकर बोर्ड के वित्तीय घाटे को पूरा करने के उद्देश्य से बोर्ड ने अपनी पॉलिसी में भी आवश्यक बदलाव किए है। अब बीपीएल और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनाए गए मकानों को इन वर्गों द्वारा न खरीदने पर आम लोगों को बेचा जा सकेगा। बोर्ड द्वारा गत दिनों इस तरह की कुल 277 सम्पतियां बेची भी गई है, जिससे 61.10 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा।
राजदीप फौगाट ने बताया कि पिछ्ले दिनों उनके द्वारा सोनीपत के टीडीआई सैक्टर 60 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का दौरा किया तो पाया कि बोर्ड द्वारा वहां लगभग 2325 मकानों का निर्माण किया गया था। जिनमें से 1285 फलैट्स अलॉट कर दिये गए हैं । बाकि 1100 फलैट्स के बेचने में मुख्य सडक़ से ज्यादा दूरी होना बड़ा कारण बना हुआ था। मौके का मुआयना करने के बाद निर्णय लिया गया कि ड्रेन नंबर आठ पर एक पुल का निर्माण करवा कर इन आवासीय कॉलोनी को एचएसआईआईडीसी औद्यगिक क्षेत्र से सीधा जोड़ा जा सकता है।
चेयरमैन राजदीप फौगाट ने आगे बताया कि बोर्ड द्वारा पंचकुला जिले में पिंजौर के सेक्टर 3, 4, 4 ए तथा कालका के अर्बन एस्टेट में ई.डब्ल्यू.एस वर्ग के लिए 242 मकानो के निर्माण शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
राजदीप फौगाट ने बताया कि जींद जिले की हाउसिंग कॉलोनी, सेक्टर-8 में 252 मकानों का भी निर्माण कार्य बोर्ड द्वारा पूरा करवा लिया गया है, इनकी अलॉटमेंट प्रक्रिया में आ रही बाधा को अब दूर कर अलॉटमेंट प्रकिया सुचारु रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि हांसी के सेक्टर-5 में निम्न आय वर्ग के 404 मकानों के आवंटन पत्र संबंधित आवदकों को वितरित किये गए हैं । इसके अलावा हांसी के सेक्टर-5 में 705 मकानों का तथा करनाल जिले के तरावड़ी में 135  मकानों का पंजीकरण शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। फौगाट ने आगे बताया कि करनाल नगर निगम में ई.डब्ल्यू.एस. श्रेणी के लिए ही सैक्टर 9 व 32 में 900 मकानों का निर्माण भी आगामी चार महीनों में प्रारंभ करने की बोर्ड की योजना है।
चेयरमैन राजदीप फौगाट ने बताया कि फरीदाबाद के सैक्टर 77,78 व 84 में 1811 मकानों का निर्माण कार्य पुन: शुरु करवा दिया गया है। आगामी एक वर्ष इन मकानों को पुर्ण रूप से तैयार कर आवदकों को आवंटित कर दिए जाएंगे।
पुर्व विधायक एवं चेयरमैन राजदीप फौगाट ने बताया कि सैनिकों व पूर्व सैनिकों को आवासीय सुविधाएं देने के लिए हाऊसिंग बोर्ड द्वारा अनेक योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। गुरुग्राम में सैनिकों व भूतपूर्व सैनिकों के लिए 180 टाईप-ए व 200 टाईप-बी के मकानों का निर्माण कार्य अगले दो माह में शुरू कर दिया जाएगा। वहीं  रिवाडी व महेन्द्रगढ़ में भी क्रमश: 506 के 837 मकानों का निर्माण कार्य अगले छह माह के अंदर – अंदर शुरु करवाने का उद्देश्य रखा गया है। इसके अलावा सैनिक परिवारों के लिए फरीदाबाद के सैक्टर 56 व 56 ए में 192 मकानों तथा झज्जर के सैक्टर 6 में 144 मकानों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। राजदीप फौगाट ने आगे बताया कि बोर्ड द्वारा भूतपूर्व सैनिकों व सैनिकों के लिए पंचकूला के सेक्टर-31 में 234 टाईप-बी के मकानों का निर्माण कार्य पूरा करके उन्हें आवंटित कर दिया गया है। वहीं पंचकूला के सेक्टर-31 में टाईप-ए के 63 व टाईप-बी के 234 मकानों का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा होने वाला है।
चेयरमैन फौगाट ने बताया कि गुरुगाम के सेक्टर- 67, 73, 81 व 85 में प्रधानमंत्री आवास योजना (अर्बन) के अन्तर्गत 1500 मकानों का निर्माण कार्य अगले दो माह में शुरू करवाने की दिशा में तैयारी जोरों पर है। वहीं सैक्टर 106 के 156 फलैट्स के लिए 166 आवेदन बोर्ड ने प्राप्त किए हैं । उन्होने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न शहरों में बनाए गए 1216 मकानों के नम्बरों का ड्रा भी किया गया है।
चेयरमैन राजदीप फौगाट ने बताया कि इसी तरह दादरी जिले में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 46 मकानों का निर्माण पूरा हो गया है। इन मकानों का आवंटन शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व विधायक ने बताया कि दादरी शहर में 195 टाईप-ए व 150 टाईप-बी के मकानों का निर्माण एस.सी. व बी.सी. वर्ग के लिए अतिशीघ्र शुरू करवाने की योजना बोर्ड ने बनाई है।