चंडीगढ़, 23 जून 2026
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि गुरु साहिबानों की बेअदबी और श्री अकाल तख्त साहिब को चुनौती देने के अपराध की सजा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भुगतनी पड़ेगी।
इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने लिखा—
“सरमु धरमु दुइ छपि खलोए, कूड़ु फिरै परधानु वे लालो।
काजीआ बामणा की गल थकी, अगदु पड़ै सैतानु वे लालो॥”
उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों द्वारा सदियों पहले गुरबाणी में कही गई यह वाणी पंजाब की वर्तमान परिस्थितियों पर बिल्कुल सटीक बैठती है, जहां उनके अनुसार मुख्यमंत्री स्वयं बेअदबी कर रहे हैं और उनके अधिकारी उनके लिए झूठी रिपोर्टों का प्रबंध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब राजा ही अपराधी हो और कार्रवाई करने वाली पुलिस उसके अपराधों को छिपाती फिरे, तो ऐसे कलयुगी लोगों के केवल इस्तीफे या पाप में सहभागी बने अधिकारियों के निलंबन से कुछ नहीं होगा। इन जघन्य अपराधों का फैसला तो गुरु साहिब ही करेंगे।
सुनील जाखड़ ने कहा कि जिसने भी श्री अकाल तख्त साहिब से टक्कर ली है, उसका अंत हुआ है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता यदि मुख्यमंत्री अपनी गलती स्वीकार कर लेते, लेकिन वे अपने अपराधों को छिपाने के लिए लगातार नए अपराध करते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिना किसी देरी के मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, झूठी रिपोर्ट तैयार करने वाले अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए और हाईकोर्ट की निगरानी में दो दिनों के भीतर जांच कराकर बेअदबी कानून के तहत मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

English






